समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से मजबूत हो रहा किसानों का आर्थिक आधार


रायपुर, 05 दिसम्बर 2025 छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। सरकार की किसान हितैषी नीतियों और पारदर्शी खरीदी प्रणाली के कारण किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है और खेती के प्रति उनका विश्वास बढ़ा है।

बलरामपुर जिला के ग्राम पंचायत जवाहर नगर के किसान बादल मलिक इसी बदलाव की मिसाल हैं। बरदर धान उपार्जन केन्द्र में उन्होंने 257 बोरी धान का विक्रय किया।मलिक बताते हैं कि ऑनलाइन टोकन प्रणाली से खरीदी प्रक्रिया अब सहज और तेज हो गई है। केंद्र पहुंचते ही धान की तत्काल तुलाई होने से समय की बचत होती है और किसी तरह की भीड़ या परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।

धान बिक्री से प्राप्त राशि किसान बादल मलिक के लिए जीवन में बड़ा बदलाव लेकर आई है। आर्थिक कमी के कारण लंबे समय से अधूरा पड़ा उनका घर अब पूरा हो पाएगा। परिवार की दैनिक जरूरतें भी अब आसानी से पूरी हो रही हैं। साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से उन्हें बीज, खाद, दवाइयाँ और अन्य कृषि सामग्री के लिए समय पर ऋण मिल रहा है, जिससे उत्पादन में बढ़ोतरी हो रही है।

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी ने बादल मलिक जैसे हजारों किसानों को आर्थिक स्थिरता दी है। किसान अब आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक खेती और नई योजनाओं का लाभ लेने में अधिक रुचि दिखा रहे हैं।

राज्य सरकार की नीतियों से किसानों की आय में वृद्धि के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी लगातार सशक्त हो रही है।


Post a Comment

0 Comments